
गोपेश्वर, न्यू भारत लाइव। उत्तराखंड के हिमालयी क्षेत्र में स्थित सिखों के सर्वोच्च तीर्थ, श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर है। आगामी 23 मई को गुरुद्वारे के कपाट पूरी श्रद्धा के साथ खोल दिए जाएंगे। शासन और गुरुद्वारा प्रबंधन ट्रस्ट के बीच हुई बैठक के बाद यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भारी बर्फबारी और चुनौतीपूर्ण मौसम को देखते हुए प्रशासन ने गोविंदघाट से लेकर हेमकुंड साहिब तक के पैदल मार्ग पर विशेष सुरक्षा और चिकित्सा इंतजामों का खाका तैयार कर लिया है।
हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा और उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन के बीच हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में यात्रा सीजन की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और वर्तमान मौसम परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सोमवार को गोविंदघाट गुरुद्वारा के प्रबंधक सेवा सिंह ने बताया कि यात्रा मार्ग पर बर्फ की स्थिति, आवागमन की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी यहां पहुंचते हैं। ऐसे में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए मार्ग की साफ-सफाई, पड़ावों पर सुविधाएं, स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षा इंतजामों को मजबूत किया जा रहा है। यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले गोविंदघाट, घांघरिया और अन्य पड़ावों पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।



