Blog

उत्तराखंड में मौसम का ‘U-Turn’: बारिश और ओलावृष्टि से थमा गर्मी का सितम, चोटियों पर बिछी बर्फ की चादर

देहरादून। देवभूमि में रविवार को मौसम के बदले मिजाज ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी है। चारधाम समेत ऊंची चोटियों पर हुए ताज़ा हिमपात और मैदानी इलाकों में ओलावृष्टि व बारिश से पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मार्च में जून जैसी तपिश झेल रहे देहरादून में भी रिमझिम फुहारों ने फिजा में ठंडक घोल दी है।

प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में मौसम का असर अधिक दिखाई दिया। केदारनाथ, हेमकुंड साहिब और औली की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ, जबकि पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र में स्थित खलिया टॉप भी एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। वहीं नैनीताल समेत कई स्थानों पर ओले गिरने की भी सूचना है।

पिछले कुछ दिनों से मार्च के महीने में ही मई-जून जैसी गर्मी महसूस की जा रही थी। राजधानी देहरादून में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था, जिससे लोगों को समय से पहले गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। रविवार को बादल छाने और हल्की बारिश होने से तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। देहरादून में अधिकतम तापमान घटकर लगभग 28.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

दिनभर बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के कारण मौसम खुशनुमा बना रहा। रात के समय भी देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली और वातावरण भी काफी ठंडा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button