
देहरादून। उत्तराखंड सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने शिक्षा विभाग में जड़ें जमाए भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डोईवाला के प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) धनवीर सिंह बिष्ट को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ऋषिकेश के एक स्कूल संचालक से आरटीई (RTE) के तहत छात्रों की प्रतिपूर्ति के बिल पास करने के बदले मोटी रकम की मांग कर रहा था। इस खेल में बिचौलिए की भूमिका निभा रही एक निजी स्कूल की महिला मालिक पुष्पांजलि को भी विजिलेंस ने धर दबोचा है। गिरफ्तार प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी पहले भी छेड़खानी के आरोप में विभागीय सजा भुगत चुके हैं।
विजिलेंस के अनुसार गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल, ऋषिकेश के संचालक ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत पढ़ने वाले छात्रों की प्रतिपूर्ति के बिलों के भुगतान के संबंध में सतर्कता विभाग से संपर्क किया था। आरोप है कि बीईओ बिष्ट इन बिलों को पास करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे। विजिलेंस की ट्रैप टीम ने जाल बिछाकर आरोपी धनवीर सिंह बिष्ट और उनके साथ मौजूद महिला आरोपी पुष्पांजलि को एक लाख रुपये की रिश्वत की धनराशि लेते रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपियों के खिलाफ थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूर्व में एक आरोप में बीईओ को एक मामले में हरिद्वार स्थानांतरित किया गया। वर्तमान में वह डोईवाला में तैनात थे।


