सिद्धांतों पर अडिग रहने और जमीनी बदलाव का संदेश: हरिद्वार में राजनाथ सिंह का संबोधन

Haridwar, 23 November, 2026। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हरिद्वार में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को वैचारिक प्रतिबद्धता, जमीनी जुड़ाव और राजनीतिक मर्यादा का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के लिए विचारधारा और सिद्धांत सर्वोपरि हैं तथा योजनाओं की सफलता का वास्तविक पैमाना समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में आने वाला बदलाव होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने संगठन को जनसंपर्क और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग की सलाह देते हुए विपक्ष की कार्यशैली और नीतियों पर भी तीखा हमला बोला। रविवार को हरिद्वार में भाजपा के दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति के अंतिम सत्र में राजनाथ सिंह ने न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा, बल्कि इशारों इशारों में उन्हें सियासत की बारीकियां भी समझा गए।
कार्यकर्ताओं के साथ जीत के नौ मंत्र साझा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का आकलन योजनाओं के बजाय इस बात से होना चाहिए कि अंतिम व्यक्ति के जीवन में क्या वास्तविक बदलाव आया है। उन्होंने सांसद और विधायकों को जनता से जुड़े रहने की नसीहत दी तो संगठन में सोशल मीडिया के महत्व को भी रेखांकित किया। राजनाथ ने कहा कि सोशल मीडिया से फीडबैक का सशक्त माध्यम है। नैतिकता का पाठ पढ़ाते हुए व्यक्तिगत हमलों या अमर्यादित भाषा से बचने की शिक्षा दी।
- राहुल गांधी के रवैये पर उठाए सवाल: इस दौरान राजनाथ ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। हैदराबाद की घटना का जिक्र करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी के रवैये पर सवाल उठाए और कहा कि सत्ता की चाबी जनता के हाथ में है तथा देश के प्रधानमंत्री के अपमान का जवाब जनता देती है। रक्षा मंत्री ने कहा कि किसी भी झूठ या भ्रम का खंडन तथ्यों के आधार पर किया जाना चाहिए। आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र की हत्या कांग्रेस ने की है।
- पर्ची और खर्ची का जमाना था कांग्रेस का : राजनाथ सिंह ने पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन पर ‘पर्ची और खर्ची’ व्यवस्था चलाने का आरोप लगाते हुए वर्तमान सरकार की पारदर्शी कार्यप्रणाली को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू होने से समानता व पारदर्शिता आई है।



