उत्तराखंडपर्यटन

वाईल्डलाइफ प्रेमियों के लिए खुशखबरी: आज से पर्यटकों के लिए खुला जिम कॉर्बेट का ढिकाला जोन

Ramnagar, 15 November, 2026। देश-विदेश के वन्यजीव प्रेमियों और सैलानियों के स्वागत के लिए विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क पूरी तरह तैयार है। मानसून के दौरान पर्यटकों के लिए बंद रहने वाला कॉर्बेट का सबसे प्रमुख और जैव विविधता से भरपूर ‘ढिकाला जोन’ आज 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है, जिसके साथ ही नए पर्यटन सत्र की शुरुआत हो गई है। पार्क में बाघों की अच्छी मौजूदगी और बंपर बुकिंग को देखते हुए इस बार सैलानियों को खास रोमांच मिलने की उम्मीद है। ढिकाला जोन को कॉर्बेट का प्रमुख और जैव विविधता से भरपूर क्षेत्र माना जाता है।

यहां बाघ, हाथी, तेंदुए समेत कई वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का अवसर मिलता है। फील्ड डायरेक्टर साकेत बडोला के अनुसार, ढिकाला सहित कॉर्बेट के विभिन्न क्षेत्रों में बाघों की अच्छी उपस्थिति दर्ज की जा रही है। ऐसे में नया पर्यटन सत्र वन्यजीव प्रेमियों के लिए खास रहने की उम्मीद है। पर्यटकों के ठहरने के लिए ढिकाला जोन में कुल 41 कमरे उपलब्ध हैं। इनमें ढिकाला कैंप के 28, सुल्तान के दो, गैरल के छह, खिनानौली के तीन और सर्पदुली के दो कमरे शामिल हैं। इसके अलावा 20 डॉर्मेट्री बेड भी हैं। भारतीय पर्यटक 45 दिन और विदेशी पर्यटक 90 दिन पहले ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। सीजन की कई तारीखों की बुकिंग अभी से फुल हो चुकी है।

  • पिछले सत्र में पहुंचे ढाई लाख पर्यटक: कॉर्बेट में 15 नवंबर 2025 से 15 जून 2026 तक कुल 2,50,597 पर्यटक पहुंचे। इनमें 2,40,646 भारतीय और 9,951 विदेशी सैलानी शामिल थे। इस दौरान नाइट स्टे में 14,040, सफारी में 2,11,360 और कैंटर में 25,197 बुकिंग हुईं। ढिकाला नाइट स्टे की हिस्सेदारी 68.56 प्रतिशत रही। पार्क को इस अवधि में 24.62 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button