‘हर घर तिरंगा यात्रा’: CM धामी ने घंटाघर तक निकाली पदयात्रा, उत्तराखंड के विकास और वीर परंपरा का दिया संदेश

Dehradun, 10 August, 2026। देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क से ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का भव्य शुभारंभ करते हुए कहा कि देशभक्ति देवभूमि उत्तराखंड के कण-कण में रची-बसी है। हजारों नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य हस्तियों की मौजूदगी में गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की वीर परंपरा, देश की सैन्य ताकत और उत्तराखंड के तेजी से बढ़ते आर्थिक आंकड़ों का उल्लेख किया।
CM धामी ने महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की लौ को सदैव प्रज्वलित रखने का आह्वान किया। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क से हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को सदैव प्रज्वलित रखने का आह्वान किया। धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं। राज्य के हर दूसरे परिवार का बेटा देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात रहता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भर और शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के क्षेत्र में देश ने नई उपलब्धियां हासिल की हैं। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी सैन्य शक्ति और सामर्थ्य का दुनिया को परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि देवभूमि के मूल स्वरूप के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। हर घर तिरंगा यात्रा ने राष्ट्रप्रेम, एकता और उत्तराखंड की वीर परंपरा का संदेश दिया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों के साथ शामिल हुए। इससे पहले धामी ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। धामी ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ उत्तराखंड भी विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 1750 से अधिक पहुंच गई है।



