उत्तराखंड

उत्तराखंड का 23 साल पुराना जैनी प्रकरण फिर गरमाया: पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत पर नए आरोप, पीड़िता ने उठाई दोबारा डीएनए और नार्को टेस्ट की मांग

Dehradun, 08 November, 2026। उत्तराखंड की राजनीति में दो दशक बाद ‘जैनी प्रकरण’ एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। पीड़ित महिला जैनी ने शनिवार को देहरादून पहुंचकर पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत पर नाबालिग उम्र में यौन शोषण, दुष्कर्म और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस महानिदेशक को शिकायती पत्र सौंपा है। अपने 23 वर्षीय बेटे के पितृत्व अधिकार की लड़ाई लड़ रही जैनी ने वर्ष 2003 की सीबीआई डीएनए जांच पर सवाल उठाते हुए दोबारा डीएनए परीक्षण, नार्को टेस्ट और पूरे मामले की निष्पक्ष री-इन्वेस्टिगेशन कराने की मांग की है।

देहरादून पहुंचीं जैनी ने पूर्व मंत्री डा. हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी आपबीती सार्वजनिक की। उनका दावा है कि जब कथित घटनाएं हुईं, तब उनकी उम्र महज 16 साल थी। उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरी के बहाने उन्हें अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया और इसी दौरान उनके साथ दुष्कर्म एवं यौन शोषण हुआ। जैनी ने यह भी दावा किया कि बच्चे को पिता का नाम देने की मांग उठाने पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और पागलखाने में रखवाकर जबरन हस्ताक्षर कराए गए। जैनी की मौजूदा लड़ाई का सबसे अहम पहलू उनका 23 वर्षीय बेटा है। उनका कहना है कि इतने वर्षों बाद भी बेटे को पिता का नाम और पहचान नहीं मिल पाई है।

उन्होंने वर्ष 2003 में हुई डीएनए जांच पर सवाल उठाते हुए दोबारा डीएनए परीक्षण कराने की मांग की। साथ ही पूरे प्रकरण में नार्को टेस्ट कराने की भी मांग उठाई है। जैनी का आरोप है कि इतने वर्षों में हरक सिंह रावत ने उनके और बेटे के भरण-पोषण की जिम्मेदारी नहीं उठाई। जैनी ने दावा किया कि तत्कालीन जांच के दौरान सीबीआई की टीम उनसे केवल एक बार मिली थी। उनका कहना है कि उस समय उनकी मानसिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह अपनी बात ठीक से रख सकें। अब वह पुराने घटनाक्रम और जांच प्रक्रिया की नए सिरे से पड़ताल चाहती हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के डीएनए टेस्ट की मांग को लेकर भी जैनी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वह महेंद्र भट्ट को जानती तक नहीं हैं। ऐसे में उनके डीएनए टेस्ट की बात उठाने का कोई औचित्य नहीं है। उनका सवाल अपने और अपने बेटे के साथ कथित तौर पर हुए अन्याय को लेकर है।

वर्ष 2003 में तत्कालीन राजस्व मंत्री हरक सिंह रावत पर जैनी ने दुष्कर्म के आरोप लगाए थे। मामला विधानसभा तक पहुंचा और राजनीतिक दबाव के बीच हरक सिंह रावत को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। तत्कालीन मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी ने मामले की सीबीआई जांच की संस्तुति की थी। 25 जुलाई 2003 को सीबीआई ने जैनी के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान बच्चे और हरक सिंह रावत के डीएनए नमूने लिए गए। रिपोर्ट में दोनों के नमूनों का मिलान नहीं होने की बात सामने आई, जिसके बाद हरक सिंह रावत को राहत मिली। 29 जुलाई 2016 को दिल्ली में हरक सिंह रावत के खिलाफ फिर एफआईआर दर्ज होने की खबर सामने आई थी। बाद में जैनी ने शिकायत वापस लेते हुए हरक को क्लीन चिट दी थी और राजनीतिक साजिश के आरोप लगाए थे।

शनिवार को जैनी ने पुलिस महानिदेशक से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष दोबारा जांच कराने और बेटे का डीएनए टेस्ट कराने की मांग की। उनके नए आरोपों के बाद अब पुलिस के सामने पुराने जांच रिकॉर्ड और वर्तमान शिकायत के तथ्यों की पड़ताल की चुनौती है। हालांकि, जैनी के ताजा आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है और इस मामले में हरक सिंह रावत का पक्ष भी सामने आना बाकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button