गंगोत्री हाईवे पर दर्दनाक हादसा: गंगनानी के पास भागीरथी में गिरी कार; गुजरात के एक ही परिवार के 4 की मौत, 2 लापता

Uttarkashi, 06 November, 2026। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह गंगनानी के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। उत्तरकाशी से गंगोत्री दर्शन के लिए जा रही गुजरात के श्रद्धालुओं की एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में भागीरथी नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में चालक समेत एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग नदी में लापता हैं। गंभीर रूप से घायल एक यात्री को एयर एंबुलेंस के जरिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। SDRF और पुलिस-प्रशासन की टीमें मौके पर लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि वाहन सुबह ही उत्तरकाशी से गंगोत्री के लिए रवाना हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन अनियंत्रित होकर भागीरथी मे जा गिरी। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। हादसा भयानक था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल से अशोक बेन पटेल, रुतिका पटेल, घनश्याम सरवालिया के साथ ही वाहन चालक सुरेंद्र सिंह के शव बरामद किए। सुरेंद्र हरिद्वार का रहने वाला था। वहीं, वेदांत अशोक घायल हो गए और उनकी पत्नी सुदाबेन व एक रिश्तेदार किरनबेन लापता हैं।
जिलाधिकारी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने और सभी जरूरी संसाधन तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन की ओर से दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही हादसे में प्रभावित लोगों के परिजनों से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल नदी में लापता संभावित यात्रियों की तलाश जारी है।



