उत्तराखंड

केदारताल ट्रेक हादसा: रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दो ट्रेकर्स के शव बरामद, एक महिला भी शामिल

Uttarkashi, 04 November, 2026। गंगोत्री क्षेत्र के दुर्गम केदारताल ट्रैक पर भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के बीच फंसे ट्रेकर्स को लेकर एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मंगलवार को SDRF और निम की संयुक्त टीम को दो ट्रेकर्स के शव मिले हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। फिलहाल मृत पाए गए ट्रेकर्स की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मंगलवार अपराह्न साढ़े तीन बजे खराब मौसम की वजह से सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा था, जिसे बुधवार सुबह एक बार फिर शुरू किया जा रहा है।

गौरतलब है कि गत 27 अक्टूबर को गंगोत्री से सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ का दल केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। हालांकि, केदारताल क्षेत्र में अचानक हुए भारी हिमपात और ग्लेशियर मार्ग अवरुद्ध होने के कारण यह दल समय पर वापस नहीं लौट सका। इनमें से पांच ट्रेकर्स पहले ही सुरक्षित मिल गए थे, लेकिन भोजखड़क से आगे हिमस्खलन की चपेट में आने के कारण आठ ट्रेकर्स वहीं फंस गए थे।

एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के अनुसार, बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की छह और निम की चार सदस्यीय टीम को हेलीकॉप्टर के माध्यम से केदार खड़क क्षेत्र में ड्रॉप किया गया था। वहां खोजबीन के दौरान रेस्क्यू टीम को कुछ टेंट और अन्य सामान भी बरामद हुआ है। लापता ट्रेकर्स के दल में लखनऊ के गायत्रीपुरम क्षेत्र की रहने वाली दो सगी बहनें, पश्चिम बंगाल के पांच पुरुष और उत्तराखंड का एक स्थानीय युवक शामिल है। रेस्क्यू टीमें बाकी लापता सदस्यों की तलाश में जुटी हुई हैं

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button