
Jyortimath, 12 November, 2026। भू-वैकुंठ श्री बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने से पूर्व होने वाली पारंपरिक पंच पूजाओं का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। पहले दिन भगवान गणेश मंदिर के कपाट बंद होने के साथ ही कपाटबंदी के धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई। अब अगले चार दिनों तक चलने वाली इन विशेष पूजाओं के क्रम में शुक्रवार को आदि केदारेश्वर व आद्य गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे, जबकि आगामी 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर भगवान बदरीविशाल के मुख्य कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। पंच पूजाओं के क्रम में शुक्रवार को आदि केदारेश्वर और आद्य गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे।
शनिवार 14 नवंबर को खड्ग पुस्तक पूजन के बाद इसे शीतकाल के लिए बंद किया जाएगा। इसी दिन से धाम में वेद ऋचाओं का वाचन भी बंद हो जाएगा। रविवार को माता लक्ष्मी को शीतकाल के लिए भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान होने का आमंत्रण दिया जाएगा। इसके बाद 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर भगवान श्रीहरि नारायण के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। पंच पूजाओं के धार्मिक अनुष्ठान बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी आचार्य स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी डॉ. रवीन्द्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी और डॉ. अमित बंदोलिया संपन्न कराएंगे। धाम में कपाटबंदी की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।



