उत्तराखंड

गढ़वाल में रफ्तार का कहर: अलग-अलग सड़क हादसों में 17 लोगों की मौत, 37 घायल; एम्स ऋषिकेश पहुंचे सीएम धामी

Rishikesh/Dehradun, 17 November, 2026। गढ़वाल मंडल के विभिन्न हिस्सों में हुए भीषण सड़क हादसों ने 17 लोगों की जान ले ली, जबकि 37 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सबसे बड़ा हादसा बदरीनाथ हाईवे पर गूलर पुल के पास हुआ, जहां जोशीमठ जा रही एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर गदेरे में जा गिरी। इस दुर्घटना में 9 यात्रियों की मौत हो गई, वहीं अन्य हादसों में 8 लोगों ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर उपचाराधीन घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। हरिद्वार से मंगलवार को एक बस तड़के सवा तीन बजे 34 सवारियां लेकर जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। डेढ़ घंटे बाद ही बदरीनाथ हाईवे स्थित गूलर पुल के समीप बस अनियंत्रित होकर नीचे गदेरे में जा गिरी। बस से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने ब्यासी एसडीआरएफ यूनिट को हादसे की सूचना दी।

दुर्घटना में कुछ यात्री बस से छिटक गए थे, जबकि 26 उसी में फंस गए। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने फंसे यात्रियों को बाहर निकाल स्ट्रेचर की मदद से सड़क तक पहुंचाया। इस हादसे में सात की मौके पर जबकि दो की ऋषिकेश एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायलों के अनुसार बस की गति काफी तेज थी, जिस वजह से चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके अलावा अन्य दुर्घटनाओं में आठ लोगों की जान गई है।

  • मरने वालों में यूपी व मप्र के भी दो-दो यात्री: राजेंद्र सिंह (48) पुत्र कुंदन सिंह क्यूरी पोखरी रुद्रप्रयाग, परिचालक अनुज भंडारी (27) पुत्र बडल शिवपुरी टिहरी, पुन्नु (55) पुत्र घंघरू मैंखंडी टिहरी, सुनील प्रताप सिलोड़ी (55) पुत्र ब्रह्मानंद गोपेश्वर चमोली, रोहित कश्यप (35) व विक्की (37) पुत्र सेवाराम दोनों चंदौसी (संभल) यूपी, राज राय पुत्र द्वारिकानाथ जलपाईगुड्डी पश्चिमी बंगाल, दीपक गुप्ता (55) और विकास गुप्ता दोनों मध्यप्रदेश शामिल हैं।
  • अन्य हादसों में भी चार ने गंवाई जान: टिहरी के पावकी देवी के बांसकटाल में सोमवार की रात यूटिलिटी के 60 मीटर खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हुए हैं। मरने वाले की शिनाख्त वीर सिंह (50) पुत्र सूरत सिंह निवासी बांसकटाल के रूप में हुई। वहीं, बदरीनाथ हाईवे स्थित शिवपुरी के पास स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार आशीष (25) पुत्र हुकम सिंह निवासी मिनकार और प्रेम सिंह जखोड़ी (32) पुत्र मोती सिंह ग्राम नाई की मौत हो गई। दोनों दोगी पट्टी टिहरी के रहने वाले थे। एक अन्य दुर्घटना में टिहरी के बालगंगा तहसील के मेर मरवाड़ी निवासी सुरेंद्र सिंह (35) पुत्र गब्बर सिंह की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई।
  • धामी ने बस हादसे के घायलों का हालचाल जाना: मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बस हादसे के घायलों का ऋषिकेश एम्स पहुंच हालचाल जाना। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख, गंभीर घायलों को एक-एक लाख जबकि अन्य घायलों में 40-40 हजार रुपये सहायता देने का ऐलान किया।
  • मोदी, राहुल ने भी हादसे पर जताया दुख: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कहा कि हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस हादसे में कई लोगों की मृत्यु बेहद पीड़ादायक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button