स्मार्ट बनेगा देहरादून-हरिद्वार कॉरिडोर, जाम से मिलेगी मुक्ति

देहरादून। उत्तराखंड के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण धार्मिक-प्रशासनिक रूट (देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश) को भविष्य की जरूरतों के मुताबिक जाम-मुक्त और आधुनिक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। सचिवालय में हुई उच्च स्तरीय बैठक में ‘कॉम्प्रीहेन्सिव मोबिलिटी प्लान (CMP)-2024’ पर विस्तार से चर्चा की गई। आवास सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने निर्देश दिए हैं कि इस नए ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को शहरों के मास्टर प्लान का हिस्सा बनाया जाए, ताकि आने वाले समय में एकीकृत और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन प्रणाली विकसित हो सके।
आवास सचिव डॉ. आर राजेश कुमार की अध्यक्षता में इस संदर्भ में एक बैठक सचिवालय में हुई। जिसमें इस पूरे कॉरिडोर की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुव्यवस्थित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान मैसर्स यूएमटीसी द्वारा सीएमपी-2024 के अद्यतन प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसमें देहरादून (देहरादून शहर, विकासनगर, ऋषिकेश) और हरिद्वार (हरिद्वार शहर, रुड़की, भगवानपुर) क्षेत्र की मौजूदा यातायात चुनौतियों और उनके समाधान को विस्तार से रखा गया। इसके बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजना के तकनीकी, सामाजिक और आर्थिक पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श किया।
सचिव डॉ राजेश ने निर्देश दिए कि सीएमपी के सभी प्रस्तावों को संबंधित मास्टर प्लान में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए, ताकि आने वाले समय में शहरी परिवहन अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में तैयार होने वाली सभी योजनाओं में एकीकृत परिवहन प्रणाली की अवधारणा को केंद्र में रखा जाए।


