उत्तराखंडक्राइम

ओवरटेकिंग विवाद में फायरिंग, रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत

देहरादून। राजधानी देहरादून के पॉश राजपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क पर वर्चस्व की जंग ने एक निर्दोष रिटायर ब्रिगेडियर की जान ले ली। मसूरी रोड पर दो लग्जरी कारों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना गहरा गया कि स्कॉर्पियो सवार युवकों ने चलती गाड़ी से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। दुर्भाग्यवश, निशाना चूकने के कारण गोली मॉर्निंग वॉक पर निकले जोहड़ी गांव निवासी रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी को लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दुस्साहसिक वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बार कर्मी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सोमवार सुबह करीब छह बजकर पचास मिनट की है, जब मसूरी रोड पर मालसी के समीप एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो एन कार के बीच ओवरटेकिंग को लेकर विवाद शुरू हुआ। फॉर्च्यूनर की तरफ से पास न दिए जाने से स्कॉर्पियो सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर कार के टायरों पर फायर कर दिए। लेकिन निशाना चूक जाने के कारण गोली मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी को लग गई। उनको घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। वह जोहड़ी गांव के रहने वाले थे।

फायरिंग के दौरान दहशत में आई फॉर्च्यूनर कार राजकीय प्राथमिक विद्यालय जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। इसके बाद भी हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। स्कॉर्पियो सवार युवकों ने गाड़ी से उतरकर फॉर्च्यूनर में मौजूद दो व्यक्तियों के साथ जमकर मारपीट की और उनके वाहन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। मारपीट में घायल फॉर्च्यूनर सवारों को उनके साथियों ने अस्पताल में भर्ती कराया।

सूचना मिलने पर एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसपी सिटी प्रमोद कुमार और राजपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एसएसपी ने अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना और घटना की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने एक पक्ष को हिरासत में ले लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button