
देहरादून। उत्तराखंड के पर्यटन और कनेक्टिविटी के इतिहास में सोमवार का दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया। ऋषिकेश के गंगा बैराज पर एक निजी कंपनी के सी-प्लेन की सफल ट्रायल लैंडिंग की गई, जिसने भविष्य की सुगम और रोमांचक यात्रा की नई राहें खोल दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप, सरकार देवभूमि को देश का प्रमुख सी-प्लेन डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है।
इस सफल परीक्षण के बाद अब पर्यटकों के लिए दिल्ली या अन्य शहरों से सीधे ऋषिकेश पहुंचना आसान हो जाएगा, जिससे न केवल चारधाम यात्रा और एडवेंचर टूरिज्म को रफ्तार मिलेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार के भी नए अवसर पैदा होंगे। सरकार की योजना है कि आगे भविष्य में इस सेवा को टिहरी झील, नैनीताल झील और अन्य जलाशयों तक भी विस्तार दिया जाए, जिससे उत्तराखंड देश का प्रमुख सी-प्लेन डेस्टिनेशन बन सके। यह ट्रायल न केवल तकनीकी रूप से सफल रहा, बल्कि यह संकेत भी दे गया कि आने वाले समय में उत्तराखंड में हवाई पर्यटन का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।



