उत्तराखंड

उत्तराखंड बोर्ड के लाखों छात्रों का इंतजार खत्म, 25 अप्रैल को 11 बजे घोषित होगा रिजल्ट

देहरादून/रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UK BOARD) की ओर से आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम आगामी 25 अप्रैल को घोषित किया जाएगा। रामनगर स्थित बोर्ड कार्यालय में पूर्वाह्न 11:00 बजे आधिकारिक रूप से नतीजे जारी किए जाएंगे। परिणामों की घोषणा राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की उपस्थिति में की जाएगी। इस अवसर पर बोर्ड के सभापति व माध्यमिक शिक्षा निदेशक मुकुल सती और सचिव विनोद कुमार सिमल्टी भी मौजूद रहेंगे। बोर्ड सचिव ने पुष्टि की है कि रिजल्ट जारी करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। इस बार की बोर्ड परीक्षा में कुल 2,15,252 छात्र-छात्राएं शामिल हुए हैं, जिसमें हाईस्कूल के 1,12,266 और इंटरमीडिएट के 1,02,986 परीक्षार्थी शामिल रहे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए पूरे प्रदेश में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। बोर्ड सचिव ने बताया कि छात्र-छात्राएं अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपना रोल नंबर दर्ज करना होगा, जिसके बाद वे अपनी मार्कशीट भी डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड कार्यालय द्वारा सभी विद्यालयों के पोर्टल पर भी परिणाम उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को इधर-उधर भटकना न पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button