उत्तराखंडपर्यटन

कल सुबह 08 बजे खुलेंगे बाबा केदार के कपाट, मुख्यमंत्री धामी रहेंगे मौजूद

रुद्रप्रयाग। आस्था और अटूट श्रद्धा के प्रतीक भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज प्रातः 08:00 बजे शुभ मुहूर्त में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के बीच कपाट खुलने के साथ ही विश्व प्रसिद्ध ‘श्री केदारनाथ यात्रा 2026’ का विधिवत शंखनाद हो जाएगा। रावल भीमा शंकर लिंग ने बताया कि ब्रह्म मुहूर्त से ही कपाट उद्घाटन की पावन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। इस पावन अवसर के साक्षी बनने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं, जहाँ वे मुख्य अनुष्ठान और विशेष पूजा-अर्चना में सम्मिलित होंगे। कपाट खुलने को लेकर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। हजारों की संख्या में भक्त बाबा के दर्शन के लिए धाम पहुंच चुके हैं, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर है।

आस्था के इस महाकुंभ के लिए केदारपुरी को 51 कुंतल देशी-विदेशी फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। मंदिर परिसर की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां 40 प्रकार के फूलों का उपयोग हुआ है, जिसमें मुख्य रूप से 35 कुंतल गेंदे के फूल शामिल हैं। मंदिर की भव्य सजावट और सुरक्षा के कड़े प्रबंधों ने इस उत्सव को और भी अलौकिक बना दिया है।

वैदिक मंत्रों की गूंज, धूप-दीप की सुगंध और घंटों की अनुगूंज के बीच बुधवार प्रात: आठ बजे मेष लग्न में बाबा केदार के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे। यह क्षण न केवल एक धार्मिक परंपरा है, बल्कि आस्था, श्रद्धा और दिव्यता का संगम भी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम में उपस्थित रहकर इस पल के साक्षी बनेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button