उत्तराखंड

केदारनाथ और आसपास के क्षेत्रों में 3 से 4 फीट तक जमी बर्फ, डटे रहे जवान

रुद्रप्रयाग। प्रसिद्ध बारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम में कुदरत का करिश्मा देखने को मिल रहा है। हाल ही मे भारी बर्फबारी के चलते तीन से चार फीट तक बर्फ जम गई है, जिससे पूरी केदार घाटी सफेद चादर में लिपट गई है। मंदिर परिसर, आसपास के पहाड़ और रास्ते बर्फ से ढककर एक अद्भुत और दिव्य दृश्य प्रस्तुत कर रहे हैं। हालांकि इस मनमोहक नजारे के साथ ही क्षेत्र में कड़ाके की ठंड और शून्य से नीचे गिरते तापमान ने हालात को बेहद चुनौतीपूर्ण बना दिया है। इसके बावजूद उत्तराखंड पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ धाम की सुरक्षा में तैनात हैं।

वर्तमान में केदारनाथ धाम में तापमान लगातार शून्य से नीचे बना हुआ है और भारी बर्फबारी के कारण आवाजाही भी प्रभावित हुई है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। जवान दिन-रात गश्त कर रहे हैं और मंदिर परिसर सहित पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा में चूक न हो। धाम की पवित्रता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए सुरक्षा घेरा पूरी तरह मजबूत रखा गया है।

कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच ड्यूटी निभाना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है, लेकिन जवानों का मनोबल लगातार ऊंचा बना हुआ है। वे न केवल अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता और अनुशासन का परिचय देते हुए अपने बैरकों और आसपास जमी भारी बर्फ को स्वयं ही साफ कर रहे हैं, ताकि कार्यप्रणाली प्रभावित न हो।

धाम में तैनात यह संयुक्त सुरक्षा बल केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि मौसम से उत्पन्न संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए भी पूरी तरह तैयार है। हर परिस्थिति पर नजर रखने के साथ-साथ आपदा प्रबंधन के लिहाज से भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संचार और समन्वय व्यवस्था को मजबूत रखते हुए किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

उत्तराखंड पुलिस का ध्येय वाक्य ‘मित्रता, सेवा और सुरक्षा’ इन परिस्थितियों में साकार होता दिखाई दे रहा है। जवानों का साहस, समर्पण और सेवा भाव न केवल धाम की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि देश सेवा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा को भी दर्शाता है। भारी बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच उनकी यह ड्यूटी हर किसी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button