401 करोड़ की 74 योजनाओं से संवरेगी राजधानी की सूरत: धामी

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून को एक आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में धामी सरकार ने अपने कदम तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐतिहासिक परेड ग्राउंड से ₹401.86 करोड़ की लागत वाली 74 विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी है। इन योजनाओं का मुख्य लक्ष्य शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है, जिसमें बेहतर सीवरेज सिस्टम, सुगम यातायात और ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री के इस विजन से न केवल दूनवासियों का जीवन आसान होगा, बल्कि राजधानी के विकास को एक नई ऊंचाई मिलेगी।
परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 302.42 करोड़ की 41 परियोजनाओं का लोकार्पण और 99.44 करोड़ की 33 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं का केंद्र शहर की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। खासकर सीवर नेटवर्क, जल निकासी व्यवस्था, सड़क निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। नमामि गंगे परियोजना के तहत सपेरा बस्ती में एसटीपी निर्माण, आराघर से मोथरोवाला तक सीवर लाइन और सहारनपुर चौक से पथरीबाग तक ट्रंक सीवर लाइन जैसे कार्य दून की स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा देंगे।
इंदिरानगर, ओम सिटी और आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी और सीवरेज सुधार से जलभराव की समस्या कम होने की उम्मीद है। चमन विहार समेत कई इलाकों में सीवरेज सिस्टम को दुरुस्त कर शहर की साफ-सफाई और स्वास्थ्य मानकों को बेहतर बनाया जा रहा है।
सरकार ने ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों को भी योजनाओं में शामिल किया है। चकराता, कालसी और विकासनगर में नहरों के पुनर्निर्माण, बाढ़ सुरक्षा और सड़क विकास कार्य शुरू किए गए हैं, जिससे खेती, यातायात और आपदा प्रबंधन को मजबूती मिलेगी।
सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए डोईवाला, ऋषिकेश और विकासनगर क्षेत्रों में मार्गों के चौड़ीकरण और सुधार कार्य तेजी से होंगे। इससे यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य देहरादून को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में पूरी कर आम जनता को शीघ्र लाभ पहुंचाया जाएगा।



