अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन की तिथि बढ़ी, अब 10 अप्रैल तक कर सकते हैं पंजीकरण

देहरादून। भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देखने वाले उत्तराखंड के युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। सेना ने अग्निवीर, जेसीओ (JCO) और ओआर (OR) श्रेणी की भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अप्रैल कर दी है। गढ़वाल मंडल के सभी सात जिलों समेत अल्मोड़ा के पात्र अभ्यर्थी अब सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना आवेदन सुनिश्चित कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद, भर्ती के लिए मुख्य ऑनलाइन साझा प्रवेश परीक्षा (CEE) का आयोजन 1 जून से 15 जून के बीच किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया गढ़वाल मंडल के हरिद्वार, देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिलों के मूल निवासियों के लिए आयोजित की जा रही है। इसके अलावा अल्मोड़ा में भर्ती आयोजित की जा रही है। पात्र अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट Join Indian Army के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) का आयोजन 1 जून से 15 जून के बीच किया जाएगा। यह परीक्षा अग्निवीर के विभिन्न पदों और जेसीओ और ओआर श्रेणी की भर्ती का अहम चरण है। भारतीय सेना ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करते समय सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरें और आवश्यक दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करें। किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है। हर वर्ष बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होने का सपना देखते हैं। ऐसे में आवेदन की तिथि बढ़ाए जाने से अधिक से अधिक युवाओं को मौका मिलेगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें, जहां एडमिट कार्ड, परीक्षा तिथि और आगे की चयन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।



