काशीपुर-रामनगर हाईवे बनेगा फोरलेन के लिए 494 करोड़ की मंजूरी: मुख्यमंत्री धामी

काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर और रामनगर के बीच कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देने के लिए ₹494 करोड़ से अधिक की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की है। सोमवार को चैती मेले की अधिष्ठात्री देवी मां बाल सुंदरी के दरबार में माथा टेकने पहुंचे मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस राजमार्ग को अब फोरलेन में तब्दील किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के साथ ही शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए तीन किलोमीटर लंबे मिनी बाईपास का निर्माण भी शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बेहतर सड़कों और निर्माणाधीन इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के जरिए काशीपुर को प्रदेश का बड़ा औद्योगिक और पर्यटन हब बनाने की दिशा में सरकार तेजी से कदम बढ़ा रही है। सोमवार को काशीपुर स्थित मां बाल सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार काशीपुर के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राजमार्ग के चौड़ीकरण के साथ ही तीन किलोमीटर लंबे मिनी बाईपास का निर्माण भी शुरू हो चुका है, जिससे शहर में जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से पर्यटन, व्यापार और उद्योग को मजबूती मिलेगी। काशीपुर-रामनगर मार्ग के चार लेन बनने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत। उन्होंने यह भी बताया कि काशीपुर में 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जहां 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है। इसके अलावा पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि काशीपुर को औद्योगिक हब के साथ-साथ बेहतर यातायात और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित किया जाए।



