धामी कैबिनेट का बड़ा फैसला: उत्तराखंड में अब मंत्रियों और अफसरों के लिए माह में एक दिन लागू होगा ‘नो व्हीकल डे’

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने ईंधन की बढ़ती कीमतों और वैश्विक आर्थिक दबाव के बीच एक ऐतिहासिक पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया गया कि अब मुख्यमंत्री, सभी मंत्री और सरकारी अधिकारी महीने में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ का पालन करेंगे। रूस-यूक्रेन युद्ध और वैश्विक संकट के कारण सप्लाई चेन पर पड़े असर को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। सरकार का लक्ष्य न केवल ईंधन की बचत करना है, बल्कि आम जनता को भी सार्वजनिक परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति जागरूक करना है ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। धामी ने कहा कि कोविड महामारी, रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण पूरी दुनिया में ईंधन, खाद्य पदार्थ और उर्वरकों की सप्लाई पर दबाव बढ़ा है। इसका असर भारत पर भी पड़ रहा है। इन चुनौतियों से निपटने को यह निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से छोटे-छोटे व्यवहारिक बदलाव अपनाकर राष्ट्रीय हित में सहयोग करने की अपील की है।
इसी क्रम में सरकार ने भी कई अल्पकालिक और दीर्घकालिक सुधारों को प्राथमिकता देने जा रही है।सरकार अब सरकारी कामकाज में डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा देने जा रही है। सरकारी विभागों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आधारित बैठकों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि अनावश्यक यात्रा और ईंधन खर्च को कम किया जा सके। इसके साथ ही निजी क्षेत्रों को भी ‘वर्क फ्रॉम होम’ व्यवस्था अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं, आम लोगों और कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया जाएगा। राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी पालिसी बनाई जाएगी।



