उत्तराखंड

सीएम धामी ने लॉन्च की ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’: 11 हजार युवाओं को मिलेगी निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग

Dehradun, 08 September, 2026। उत्तराखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ किया है। इस योजना के पहले चरण में प्रदेश के राजकीय एवं शासकीय सहायता प्राप्त डिग्री कॉलेजों और राज्य विश्वविद्यालयों के 11 हजार मेधावी छात्र-छात्राओं को निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा दी जाएगी। योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि संसाधनों के अभाव में कोई भी प्रतिभाशाली युवा अपने सपनों से वंचित न रहे। योजना के तहत प्रदेश के राजकीय एवं शासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों और राज्य विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।

सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन और अध्ययन संसाधन उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए मेहनत के साथ सही दिशा, रणनीति, अच्छे शिक्षकों का मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास जरूरी है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के कई प्रतिभाशाली युवा आर्थिक दिक्कतों, संसाधनों और उचित मार्गदर्शन के अभाव में अच्छे कोचिंग संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने कहा कि सरकार ने तय किया है कि आर्थिक तंगी या संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभाशाली युवा के सपनों में बाधा नहीं बनेगी। धामी ने कहा कि उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है।

सरकार युवाओं को अवसर और संसाधन देने के साथ प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करने में भी उनकी भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के ढाई लाख से अधिक युवा विद्यार्थियों के साथ वैचारिक मंथन कर उनके विचार और सुझाव लिए जा रहे हैं। युवाओं की आकांक्षाओं और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर विशेष काम के लिए राज्य में अलग युवा आयोग बनाया जाएगा। धामी ने युवाओं से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी लगन से मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार अवसर, संसाधन, मार्गदर्शन और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए युवाओं के साथ खड़ी है।

उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि उच्च शिक्षा में गुणवत्ता सुधार के साथ विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने पर सरकार का जोर है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष से छात्रसंघ चुनाव में छात्राओं के लिए 50 प्रतिशत पद आरक्षित किए जाएंगे। उच्च शिक्षण संस्थानों में डिजिटल शिक्षा का भी विस्तार किया जा रहा है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने योजना से जुड़े कोचिंग संस्थानों से विद्यार्थियों की तैयारी पर गंभीरता से ध्यान देने को कहा। उन्होंने संस्थानों से इसे केवल व्यावसायिक दायित्व न मानकर सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में लेने की अपेक्षा की। कहा कि नियमित संवाद और विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार सहयोग उनकी तैयारी और आत्मविश्वास को मजबूत करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button