उत्तराखंड

माउंट किलिमंजारो फतह करने वाले रियांश व प्रिशा से मिले मुख्यमंत्री धामी

Dehradun, 09 September, 2026। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो (5,895 मीटर) को फतह करने वाले नन्हे पर्वतारोहियों रियांश पंत (9 वर्ष) और प्रिशा रावत (10 वर्ष) से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। 22 अगस्त 2026 को मिली इस ऐतिहासिक सफलता की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में साहस और दृढ़ संकल्प का यह प्रदर्शन अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार राज्य की छिपी प्रतिभाओं को सही मंच और अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री से अल्मोड़ा के चीनाखान निवासी नौ वर्षीय रियांश पंत और नैनीताल के बैलपड़ाव निवासी दस वर्षीय प्रिशा रावत ने भेंट की। दोनों बाल पर्वतारोहियों ने 22 अगस्त 2026 को अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर सफल आरोहण कर 5,895 मीटर की ऊंचाई पर तिरंगा फहराया।

सीएम धामी ने दोनों बच्चों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में दुनिया की चुनौतीपूर्ण चोटियों में शामिल किलिमंजारो को फतह करना उनके साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। दोनों की उपलब्धि दूसरे बच्चों और युवाओं को भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा पर्वतारोहण, खेल, साहसिक गतिविधियों समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हासिल की जा रही उपलब्धियां प्रदेश का गौरव बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को सही दिशा मिले। उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आगे बढ़ने का मंच दिया जाए। युवा प्रतिभाओं के सपनों को उड़ान देना और उन्हें उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button