उत्तराखंड

ऋषिकेश के ‘बीटल्स आश्रम’ में होगी हॉलीवुड फिल्म की शूटिंग, ऑस्कर विजेता सैम मेंडेस करेंगे निर्देशन

Dehradun, 18 October, 2026। उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बनकर उभर रहा है। विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत बैंड ‘द बीटल्स’ पर आधारित ऑस्कर विजेता निर्देशक सर सैम मेंडेस की अंतरराष्ट्रीय फिल्म श्रृंखला की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) में होगी। रविवार को फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर चर्चा की, जिससे राज्य में पर्यटन, स्थानीय कारोबार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, ऑस्कर विजेता निर्देशक सर सैम मेंडेस के निर्देशन में ‘क्लोवर’ नाम से प्रस्तावित इस परियोजना के तहत द बीटल्स के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से तैयार हो रही इस फिल्म श्रृंखला का नाम ‘द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ है। इसकी रिलीज अप्रैल 2028 में प्रस्तावित है।
ऋषिकेश में प्रस्तावित शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्यों के साथ स्थानीय तकनीशियनों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण संबंधी कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ कर रहा है। इससे होटल, परिवहन, स्थानीय कारोबार और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और विविध लोकेशन इसे फिल्म निर्माण के लिए आकर्षक बनाती हैं। राज्य की फिल्म नीति-2024 के तहत निर्माताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश का योग और आध्यात्मिक पहचान के साथ द बीटल्स से ऐतिहासिक जुड़ाव भी रहा है। यहां शूटिंग से उत्तराखंड की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button