उत्तराखंड

हरिपुर-कोटी मार्ग पर खाई में गिरी बोलेरो; दो साल की बच्ची समेत दो की मौत, पांच घायल

Vikasnagar/Dehradun, 26 November, 2026। हरिपुर-कोटी मोटर मार्ग पर धमोग मंदिर के समीप गुरुवार को एक बोलेरो अनियंत्रित होकर 15 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में दो साल की मासूम बच्ची समेत नेपाल निवासी दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, बोलेरो हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से विकासनगर की ओर आ रही थी। इसी दौरान कोटी रोड पर धमोग मंदिर के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

आसपास के लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी थी। सूचना पर उपनिरीक्षक नीरज कठैत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ को भी तत्काल बुलाया गया। संयुक्त रेस्क्यू अभियान में पांच घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालसी पहुंचाया गया। हादसे में नेपाल के अछाम जिले के निवासी नरबहादुर (52) और दो वर्षीय राधिका की मौत हो गई। वहीं, चालक चमन लाल (45), डम्मल (32), उनकी पत्नी उर्मिला (30), 14 वर्षीय नीशा और पांच वर्षीय प्रदीप घायल हुए हैं। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए विकासनगर मोर्चरी भेजे गए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button