उत्तराखंड को 50 हजार अतिरिक्त आवासों की सौगात, शारदा कॉरिडोर व झनकईया मेले का शुभारंभ

Khatima, 25 November, 2026। सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों के विकास, धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को लेकर उत्तराखंड सरकार ने कई अहम घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झनकईया गंगा स्नान मेले के शुभारंभ के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना व पीएम-जनमन के तहत 50 हजार अतिरिक्त आवासों की स्वीकृति, शारदा कॉरिडोर में नए स्नान घाटों के निर्माण और जनजातीय कल्याण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई चर्चा के क्रम में ये आवास स्वीकृत हुए हैं। इससे प्रदेश के हजारों जरूरतमंद परिवारों को अपने पक्के घर का सपना पूरा करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान उन्होंने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया और काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा भी की। धामी ने कहा कि सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है। डबल इंजन सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है। अटल आवास योजना के तहत आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और आवास निर्माण के लिए सहायता राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, पीएम-जनमन के माध्यम से जनजातीय समुदाय के जरूरतमंद परिवारों को भी आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और छात्रावासों का विस्तार किया जा रहा है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने झनकईया मेले को भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों और लोक परंपराओं का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह आयोजन दोनों देशों के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के रिश्तों को मजबूती देता है। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की सहभागिता, लोकगीत और लोकनृत्य इसकी विशेष पहचान हैं। मेले से स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों को भी अवसर मिलता है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार और निर्मला बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
उन्होंने शारदा कॉरिडोर के तहत धार्मिक स्थलों के विकास की बात कही और जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका तथा जिला पंचायत को स्नान घाटों, सुरक्षा और स्वच्छता की व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए। मेले में मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर वोकल फॉर लोकल का संदेश भी दिया। प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून और खटीमा के गुरुद्वारों में मत्था टेका। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानवता को सत्य, सेवा, समानता और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने मत्था टेककर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर देहरादून में श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी भी उपस्थित रहे।



