हल्द्वानी में गिरते भूजल स्तर को थामने की पहल, 27 स्थानों पर बनेंगे रिचार्ज शाफ्ट

Haldwani, 25 November, 2026। हल्द्वानी में बढ़ती आबादी, पक्के निर्माण और ट्यूबवेल पर बढ़ती निर्भरता के कारण भूजल स्तर हर साल करीब पांच फीट नीचे खिसक रहा है, जिससे भविष्य में पेयजल संकट का खतरा गहराने लगा है। बारिश के पानी को नालों में बहकर बर्बाद होने से रोकने और भूजल भंडार को फिर से भरने के लिए उत्तराखंड शहरी विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) ने शहर में 27 स्थानों पर रिचार्ज शाफ्ट बनाने की योजना शुरू की है। इसके तहत छह स्थानों पर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही बाकी चिह्नित स्थानों पर भी काम पूरा कर लिया जाएगा। दरअसल, हल्द्वानी में पेयजल की मांग पूरी करने के लिए ट्यूबवेल पर निर्भरता लगातार बनी हुई है। घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य जरूरतों के लिए बड़ी मात्रा में भूजल निकाला जा रहा है। दूसरी ओर, शहर का दायरा तेजी से बढ़ने के साथ ही खुले मैदानों और खाली जमीन पर पक्के निर्माण हो रहे हैं।
सड़कों, पार्किंग और भवनों के विस्तार के कारण बारिश के पानी को जमीन के भीतर पहुंचने के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। नतीजतन, बरसात के दौरान बड़ी मात्रा में पानी सड़कों पर बहकर नालों में चला जाता है। विभागीय जानकारी के अनुसार, शहर में भूजल स्तर हर साल करीब पांच फीट तक नीचे खिसक रहा है। विभाग प्रत्येक स्थान की भौगोलिक स्थिति, मिट्टी की प्रकृति और पानी के प्रवाह को ध्यान में रखकर रिचार्ज शाफ्ट की गहराई और क्षमता निर्धारित करेगा। निर्माण के बाद इनकी नियमित सफाई और रखरखाव भी जरूरी होगा, ताकि मिट्टी, पत्तियों और कचरे के कारण पानी जमीन में पहुंचने का रास्ता बंद न हो। योजना की सफलता के लिए इनका प्रभावी संचालन भी अहम रहेगा। यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि शहर में रिचार्ज शाफ्ट का निर्माण शुरू कर दिया गया है। अब तक छह स्थानों पर काम पूरा हो चुका है। शेष स्थानों पर भी जल्द निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
- क्या होता है रिचार्ज शाफ्ट? : रिचार्ज शाफ्ट जमीन के भीतर बनाया जाने वाला एक विशेष ढांचा होता है, जिसका इस्तेमाल बारिश के पानी को जमीन की गहरी परतों तक पहुंचाने के लिए किया जाता है। इसे भूजल पुनर्भरण की तकनीक भी कहते हैं। इसके लिए सबसे पहले छतों, सड़कों और खुले स्थानों से बारिश का पानी एकत्र किया जाता है। पाइप के माध्यम से पानी को रिचार्ज शाफ्ट तक पहुंचाया जाता है। शाफ्ट में फिल्टर की व्यवस्था होती है, जो पत्तियों, मिट्टी और कचरे को पानी से अलग करती है। साफ पानी जमीन के भीतर पहुंचकर मिट्टी और जलभृत (एक्विफर) में पानी की मात्रा बढ़ाने में मदद करता है।
- पार्कों, सरकारी परिसरों में होंगे तैयार: इस स्थिति को देखते हुए यूयूएसडीए ने वर्षा जल संरक्षण के लिए रिचार्ज शाफ्ट बनाने की पहल की है। योजना के तहत शहर में ऐसे स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं, जहां बारिश का पानी अधिक मात्रा में एकत्र होता है। पार्कों, सरकारी परिसरों, स्कूलों, सड़कों के किनारे और खाली जमीन पर इनका निर्माण किया जाएगा। इनके माध्यम से छतों और सड़कों से एकत्र होने वाले बारिश के पानी को पाइप और फिल्टर व्यवस्था के जरिए जमीन के भीतर पहुंचाया जाएगा। इससे बारिश के पानी का उपयोग भूजल भंडार को दोबारा भरने में हो सकेगा।



