उत्तराखंड

उत्तराखंड के 6 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और आंधी की चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है, जिससे मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक का पारा गिर गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार के लिए देहरादून समेत प्रदेश के छह जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए भारी बारिश और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झक्कड़ चलने की आशंका जताई है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय जिलों में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है। मौसम के इस बदलते रुख को देखते हुए शासन ने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं और श्रद्धालुओं व स्थानीय निवासियों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून के अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो झोंकों में 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम का असर साफ दिख रहा है। हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। मौसम के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button