जनमुद्दों पर सरकार को घेरते दिखे हरीश चंद्र दुर्गापाल, जन्मदिन पर समर्थकों का उमड़ा जनसैलाब

जनमुद्दों पर सरकार को घेरते दिखे हरीश चंद्र दुर्गापाल, जन्मदिन पर समर्थकों का उमड़ा जनसैलाब।
रिपोर्टर- गौरव गुप्ता। लालकुआं
लालकुआं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल के जन्मदिन के अवसर पर उनके आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों का तांता लगा रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
जन्मदिन के मौके पर आयोजित मुलाकात कार्यक्रम में जहां समर्थकों ने दुर्गापाल का गर्मजोशी से स्वागत किया, वहीं राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान दुर्गापाल ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने न शिक्षा के क्षेत्र में कोई ठोस कार्य किया और न ही युवाओं को रोजगार देने की दिशा में गंभीर प्रयास किए।
उन्होंने कहा कि सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है, जिससे प्रदेश की जनता परेशान है। दुर्गापाल ने कहा कि महंगाई अपने चरम पर है और आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है, जबकि प्रदेश लगातार बढ़ते कर्ज के बोझ से जूझ रहा है।
वही कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने भी प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है और सरकारी धन की बर्बादी हो रही है। उन्होंने कहा कि इन जनमुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी 10 मार्च को गैरसैंण (विधानसभा) में घेराव करेगी और सरकार के खिलाफ जोरदार आंदोलन करेगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुर्गापाल के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया।





