Blogउत्तराखंड

ऋषिकेश तक दौड़ेगी रैपिड रेल: सीएम धामी ने पीएम मोदी के सामने रखा विकास का मेगा प्लान

नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्मृति चिन्ह भेंट करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून। उत्तराखंड की परिवहन व्यवस्था को हाई-टेक बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने रैपिड रेल का विस्तार हरिद्वार से ऋषिकेश तक करने और दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे के निर्माण का महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा। प्रधानमंत्री ने इन परियोजनाओं पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया है। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से न केवल श्रद्धालुओं का सफर आसान होगा, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल के बीच कनेक्टिविटी को भी नई मजबूती मिलेगी। मूलकात के दौरान धामी ने कहा कि ऋषिकेश देश और दुनिया के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों में से एक है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रेपिड रेल जैसी हाई-स्पीड कनेक्टिविटी से यात्रा समय में कमी आएगी और सड़क यातायात का दबाव भी कम होगा। साथ ही देहरादून और आसपास के क्षेत्रों के लिए भी यह परियोजना बेहद उपयोगी साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने इस बैठक में दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे के निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि इस एक्सप्रेस-वे के बनने से कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और औद्योगिक क्षेत्रों को नई गति मिलेगी। पंतनगर एयरपोर्ट और जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क तक पहुंच आसान होने से पर्यटन और निवेश दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास कार्यों पर भी चर्चा की और केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को जल्द स्वीकृति मिलेगी, जिससे उत्तराखंड में आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तराखंड आगमन का निमंत्रण देते हुए विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास का प्रस्ताव भी रखा। प्रस्तावित लोकार्पण में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे तथा टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट शामिल हैं, जबकि शिलान्यास के लिए पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार एवं बनबसा लैंड पोर्ट परियोजना शामिल है। मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत जनपद के बनबसा क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर विकसित हो रहा लैंड पोर्ट व्यापार, आवागमन एवं क्षेत्रीय सहयोग को नई गति देगा तथा एशियन हाईवे से जुड़कर अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button