श्री हनुमान धाम में सीएम ने टेका माथा, भंडारे में लिया प्रसाद

रामनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रामनगर के प्रसिद्ध श्री हनुमान धाम (छोई) में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड सरकार राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (UCC) का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे लागू कर उत्तराखंड ने सामाजिक समरसता और समानता की दिशा में पूरे देश के सामने एक सशक्त उदाहरण पेश किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे धार्मिक पुनर्जागरण और केदारखंड-मानसखंड कॉरिडोर के माध्यम से राज्य में बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण पर भी विशेष जोर दिया।
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार के लिए इस विरासत की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यूसीसी के मुद्दे पर धामी ने कहा कि यह सामाजिक समरसता और समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उत्तराखंड ने इसे लागू कर देश को एक नई दिशा देने का काम किया है, जो भविष्य में मजबूत और समावेशी भारत की आधारशिला साबित होगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में चल रहे धार्मिक पुनर्जागरण कार्यों का भी उल्लेख किया। धामी ने अयोध्या राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम में हो रहे विकास कार्यों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में केदारखंड और मानसखंड परियोजनाओं के तहत धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, जिससे तीर्थाटन और पर्यटन को नई गति मिल रही है।



