ऋषिकेश में ‘मिनी गोवा’ का भंडाफोड़: होटल में चल रहा था अवैध कैसिनो, 40 गिरफ्तार

देहरादून। तीर्थनगरी ऋषिकेश में मर्यादाओं को ताक पर रखकर चलाए जा रहे एक हाई-प्रोफाइल अवैध कैसिनो का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में गुपचुप तरीके से चल रहे इस जुआ घर पर सीओ ऋषिकेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आधी रात को छापा मारा। इस बड़ी कार्रवाई में दिल्ली, नोएडा और मेरठ की युवतियों समेत कुल 40 रईसजादों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। मौके से लाखों की नगदी, हजारों कैसिनो कॉइन्स और अवैध शराब बरामद की गई है। पुलिस ने होटल को सील कर दिया है और फरार मालिक की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस कैसिनो में बाहरी राज्यों से भी लोग शामिल थे। गिरफ्तार महिलाओं में कई युवतियां दिल्ली, मेरठ और नोएडा की बताई जा रही हैं, जो इस अवैध गतिविधि में संलिप्त पाई गईं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 3356 कैसिनो क्वाइन (टिक्की), 26 ताश की गड्डियां, 1 लाख 37 हजार 600 रुपये नगद और विभिन्न ब्रांड की 9 बोतल अवैध शराब बरामद की है।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने होटल को सील कर दिया है। वहीं, होटल मालिक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। इस पूरे मामले में कोतवाली ऋषिकेश में जुआ अधिनियम और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के अवैध कैसिनो से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा था।
- गिरफ्तार आरोपियों में शामिल प्रमुख नाम: पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें अशोक थापा, विनोद सिंह, राकेश जोशी, सुरेन्द्र सिंह, गोपाल सिंह, त्रिलोक सिंह, नरेन्द्र पाल, सूरज, हितेश, भगवान सिंह, बक्सी सिंह पंवार, प्रमोद बिष्ट, भगवती प्रसाद, सोनू, हर्षवर्धन, संजीव सिंह समेत अन्य शामिल हैं। ये अधिकांश आरोपी ऋषिकेश और देहरादून क्षेत्र के निवासी है। इसके अलावा अन्य जिलों और राज्यों से भी कई आरोपी पकड़े गए हैं, जिनमें कोटद्वार, टिहरी, दिल्ली और मेरठ के लोग शामिल हैं।
- महिला आरोपियों में ये नाम शामिल: गिरफ्तार महिलाओं में सिमरन, सबीना, सरिता लामा (दिल्ली), अंजलि (फरीदाबाद), पवित्रा, सानिया, प्रीति, मायरा (नई दिल्ली), श्वेता (मेरठ) और मनीषा कौशिक (ग्रेटर नोएडा) शामिल हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कैसिनो के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।



