
जोशीमठ : आगामी 23 अप्रैल को श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व धाम में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की जा रही हैं। सोमवार को बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी श्री विशाल मिश्रा ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए धाम का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मास्टर प्लान के तहत चल रहे कार्यों, मंदिर की साज-सज्जा और सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की। CEO ने स्पष्ट किया कि 20 अप्रैल तक सभी मूलभूत कार्य और 22 अप्रैल तक फूलों की सजावट हर हाल में पूरी कर ली जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने विशेष रूप से गेंदे के साथ विभिन्न रंगों के गुलाब के फूलों के उपयोग पर जोर दिया और इसके लिए दानदाताओं को समय रहते सूचित करने को कहा।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि धाम परिसर में लगे सभी CCTV कैमरों को ठीक करके कपाट खुलने से पहले उनका परीक्षण पूरा किया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कतारों में स्क्रीन लगाने को भी कहा गया, ताकि वे प्रतीक्षा करते समय धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकें। इसके अलावा, ज्योतिर्मठ और धाम के अतिथि गृहों की मरम्मत जल्द पूरी करने और 20 अप्रैल से पहले पूरे मंदिर परिसर में स्पष्ट व आकर्षक साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन में आसानी हो। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों और संबंधित संस्थाओं के अधिकारी भी मौजूद रहे।



