घर-घर दस्तक: 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर जाएंगे BLO, अनुपस्थित रहने पर 3 बार दी जाएगी दबिश

देहरादून। उत्तराखंड निर्वाचन आयोग ने राज्य में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे के अनुसार, आगामी 14 जुलाई को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा, जिसके बाद 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। इस बार मतदाताओं की सुविधा के लिए वर्ष 2003 की वोटर लिस्ट को भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध करा दिया गया है, ताकि लोग आसानी से अपना नाम और बूथ संख्या खोज सकें। 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना फार्म का वितरण एवं संकलन किया जाएगा। इसी एक माह के दौरान मतदाताओं के गणना फार्मों को बीएओ एप्प के माध्यम से डिजिटिलाइज कर अपलोड किया जाएगा।
राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने सचिवालय में मीडिया को सम्बोधित किया। उन्होंने बताया यह इस दौरान कोई मतदाता घर पर उपलब्ध नहीं है तो बीएलओ तीन बार घर पर विजिट करेंगे। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताय कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा इसके साथ ही 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय दिया गया है। इसी बीच 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक सभी नोटिस जारी कर दावे आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी सहित भाजप, कांग्रेस, बीएसपी, सीपीआई (एम) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए वर्ष 2003 की वोटर लिस्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड की आधिकारिक वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर उपलब्ध है, जहां मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र, अपने तथा अपने पिता/पति के नाम के आधार पर मतदाता क्रमांक एवं बूथ संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।



