उत्तराखंड

गुलदार की खोज में वन विभाग ने झोंकी ताकत: तरुली में ड्रोन और सोलर कैमरों से निगरानी, ग्रामीणों में दहशत

Shrinagar, 24 October, 2026।  बछेली ग्रामसभा के तरुली गांव में एक महिला को निवाला बनाने वाले आदमखोर गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में हाई-टेक निगरानी और गश्त तेज कर दी है। गांव में फैले दहशत के माहौल को देखते हुए वन विभाग ने 15 कैमरा ट्रैप, 3 सोलर सीसीटीवी, ड्रोन और 5 पिंजरे तैनात किए हैं। साथ ही 12 सदस्यीय गश्ती दल और 3 शिकारियों की टीम दिन-रात गुलदार की तलाश में जुटी है। ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वन विभाग ने बच्चों के आवागमन के लिए वाहनों का प्रबंध भी किया है।

उपप्रभागीय वनाधिकारी आयशा बिष्ट ने बताया कि गुलदार को पकड़ने और उसकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए क्षेत्र में व्यापक स्तर पर निगरानी की जा रही है। इसके तहत तीन सोलर सीसीटीवी कैमरे और 15 कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए पांच पिंजरे भी स्थापित किए गए हैं। वन विभाग की 12 सदस्यीय गश्ती टीम के अलावा तीन शिकारी भी तैनात किए गए हैं। टीम गांव के आसपास के इलाकों और जंगल में लगातार गश्त कर रही है।

गुलदार की मौजूदगी का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद से गांव के आसपास और जंगल के संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। वन विभाग की टीम संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए है। इसके बावजूद गुलदार की गतिविधियों का अब तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका है। ऐसे में विभाग की ओर से निगरानी अभियान लगातार जारी रखा गया है।

गुलदार के हमले के बाद ग्रामीणों, विशेषकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी एहतियाती कदम उठाए गए हैं। वन विभाग ने स्कूली बच्चों के आने-जाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की है, ताकि उन्हें अकेले रास्तों से होकर न गुजरना पड़े। गश्ती दल को ग्रामीणों के आवाजाही वाले रास्तों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग का कहना है कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। गुलदार को पकड़ने के लिए सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, ग्रामीणों में गुलदार के दोबारा दिखाई देने और किसी अन्य घटना की आशंका को लेकर चिंता बनी हुई है।

उधर, कोटद्वार (आरएनएस)के दुगड्डा ब्लॉक के पुलिंडा गांव में गुलदार की दहशत से ग्रामीण सहमे हुए हैं। मंगलवार शाम गुलदार ने आंगन में टहल रहे 63 वर्षीय कोमल सिंह पर हमला कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर गुलदार भाग गया। घायल का बेस अस्पताल में उपचार चल रहा है। ग्रामीणों ने पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है। वन विभाग ने गश्त बढ़ा दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button