उत्तराखंड

देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए हवाई सेवा शुरू, अब एक घंटे में पूरा होगा सफर

देहरादून। उत्तराखंड की हवाई कनेक्टिविटी में गुरुवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून-पिथौरागढ़ के बीच 42 सीटर विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। एलायंस एयर द्वारा संचालित यह सेवा अब सीमांत जिले और राजधानी के बीच की घंटों की दूरी को महज 60 मिनट में समेट देगी। मुख्यमंत्री ने इसे पर्यटन, व्यापार और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मील का पत्थर बताया है।

मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के लिए सामरिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे न केवल आम लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई उड़ान योजना ने हवाई यात्रा को आम लोगों तक पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि उड़ान योजना 2.0 के तहत आने वाले वर्षों में नए एयरपोर्ट और हेलीपैड विकसित किए जाएंगे, जिससे पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। उत्तराखंड में वर्तमान में 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं, जबकि हेलीपोर्ट और हेलीपैड की संख्या में भी तेजी से वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास पर भी कार्य जारी है। इस नई सेवा से सीमांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विकास को नई दिशा मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button