मुख्य सचिव का सख्त निर्देश: मानसून से पहले पहाड़ों में जुटा लें राशन, तेल और गैस का स्टॉक

देहरादून। आगामी मानसून सीजन की चुनौतियों को देखते हुए उत्तराखंड शासन ने कमर कस ली है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आपदा और भारी बारिश के कारण सड़कें बंद होने से पहले पर्वतीय क्षेत्रों में खाद्य सामग्री, एलपीजी और ईंधन का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित कर लिया जाए। शासन का जोर इस बात पर है कि दुर्गम इलाकों में रहने वाले नागरिकों को मानसून के दौरान किसी भी आवश्यक वस्तु की किल्लत न झेलनी पड़े।उन्होंने कहा कि मानसून सीजन में पर्वतीय क्षेत्रों में लंबे समय तक सड़कें अवरुद्ध हो जाती हैं। इन क्षेत्रों के लोगों के सामने कोई परेशानी खड़ी न हो, इसके लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग पहले से काम करना शुरू कर दें।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मानसून अवधि के दौरान संभावित संक्रामक एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभी से फॉगिंग अभियान चलाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड में रखने को कहा। इसके साथ ही हेली एंबुलेंस सेवाओं को भी तैयार रखने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने हाइड्रोमेट सिस्टम, सेंसर तथा सेटेलाइट फोन का नियमित परीक्षण सुनिश्चित करने की हिदायत दी।



