उत्तराखंड में भीषण गर्मी से मिलेगी राहत; मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी से झुलस रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं, ओलावृष्टि और गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम के इस बदलते मिजाज को देखते हुए विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए कई पर्वतीय व मैदानी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 30 और 31 मई के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 60 किमी प्रति घंटा तक की गति से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है।
इसके अतिरिक्त राज्य के शेष जनपदों में भी कहीं-कहीं गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है। शुक्रवार को राज्य के उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना के साथ आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 30 और 31 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों को सतर्क रहने तथा आवश्यक एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की।



