मुख्यमंत्री धामी ने बर्नीगाड़ में राजकीय महाविद्यालय का किया उद्घाटन, 215 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात

Damta/Uttarkashi। सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकासखंड नौगांव के राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में आयोजित ‘सेवा सेतु’ जिलावार शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का औपचारिक उद्घाटन कर क्षेत्रवासियों को उच्च शिक्षा की बड़ी सौगात दी। महाविद्यालय के शुभारंभ से स्थानीय विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और पात्र लाभार्थियों को चेक एवं उपयोगी उपकरण वितरित किए। उन्होंने अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्नीगाड़ पहुंचकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। ‘सेवा सेतु’ अभियान इसी संकल्प का प्रतीक है, जिससे जनता को बार-बार तहसील और जिला मुख्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 215 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने घोषणा की कि राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन और कैंपस का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इसके अलावा, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम निर्माण, बर्नीगाड़ थाला चौक से जीआईसी बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग निर्माण तथा राजकीय महाविद्यालय बड़कोट, पुरोला और चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत किए जाने की भी घोषणा की गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में सड़क, संपर्क और पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। सरकार महिलाओं, युवाओं और किसानों के सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में लखपति दीदी योजना के तहत 3.10 लाख से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। उन्होंने चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि इस वर्ष रिकॉर्ड 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। साथ ही, सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और कड़े धर्मांतरण विरोधी कानून लागू कर ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। नकल विरोधी कानून के चलते पिछले पांच वर्षों में 35,000 से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां मिली हैं। पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन विकास योजनाओं और महाविद्यालय के खुलने से क्षेत्र के विकास को अभूतपूर्व गति मिलेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, ममता पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सहित जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।



