सिंगुड़ी-पिप्यारा मोटर मार्ग का विधायक दुर्गेश्वर लाल ने किया उद्घाटन

उत्तरकाशी/नौगांव। विकासखंड नौगांव के बर्नीगाड़ क्षेत्रवासियों का लंबा इंतजार आखिरकार बुधवार को समाप्त हो गया। क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने ग्रामीणों की मौजूदगी में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सिंगुड़ी-पिप्यारा मोटर मार्ग का विधिवत उद्घाटन किया। सड़क की सौगात मिलने से स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
भारतीय जनता पार्टी की सरकार आमजन की भावनाओं और आवश्यकताओं के अनुरूप सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य करा रही है। उन्होंने कहा कि सिंगुड़ी-पिप्यारा मोटर मार्ग बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुगमता होगी और क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को एक नई गति मिलेगी। अब स्थानीय लोगों को बर्नीगाड़ और अन्य मुख्य बाजारों तक पहुँचने के लिए कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। विधायक दुर्गेश्वर लाल ने इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की स्वीकृति और निर्माण में सहयोग के लिए प्रदेश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री सतपाल महाराज का विशेष रूप से आभार जताया। उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि पुरोला विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक कोने में जनआकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को धरातल पर उतारना ही उनका मुख्य संकल्प है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए जनसेवा और बुनियादी ढाँचे के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जाता रहेगा।
इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में दर्जाधारी राज्यमंत्री जगत सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिता नेगी, मंडल अध्यक्ष अनिल चौहान, नौगांव मंडल अध्यक्ष अमिता परमार, महिला मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मीना रावत, मंडल महामंत्री प्रताप सिंह चौहान, पूर्व मंडल महामंत्री हरपाल सिंह रावत, एससी मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष धर्मदास, जगमोहन रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य बलबीर सिंह चौहान, अर्जुन नेगी, सूरत पंवार, देव बडोनी, मनीष राणा तथा जनक रावत सहित कई पूर्व प्रधान, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।



