उत्तराखंड

धामी सरकार के 4 साल: लैंड जिहाद पर जारी रहेगा प्रहार

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर देहरादून के परेड ग्राउंड से हुंकार भरते हुए स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ‘लैंड जिहाद’ और ‘लव जिहाद’ जैसी मानसिकता के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की डेमोग्राफी से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड ने न केवल 12 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है, बल्कि यूसीसी (UCC) और नकल विरोधी कानून जैसे कड़े फैसले लेकर विकास और सुशासन के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। सोमवार को सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार का चार साल का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में हुई उपलब्धियों को गिनाया और विपक्ष, खासकर कांग्रेस, पर भी तीखा प्रहार किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बीते चार वर्षों में उत्तराखंड ने समेकित विकास के मार्ग पर तेजी से कदम बढ़ाए हैं और कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य आज विकास, निवेश, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है और देश के श्रेष्ठ राज्यों में शामिल होने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। इसके अलावा नकल विरोधी कानून और सख्त धर्मांतरण कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और सामाजिक संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि ये फैसले प्रदेश में पारदर्शिता, विश्वास और कानून के शासन को मजबूत करते हैं।
“लैंड जेहाद” के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए धामी ने बताया कि अब तक राज्य में लगभग 12 हजार एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध कब्जों के खिलाफ किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार “सेवा, सुशासन और जनकल्याण” के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड को विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रदेश की जनता से सहयोग और सहभागिता की अपील भी की। जी-20 की तीन बैठकें, राष्ट्रीय खेलों का आयोजन और पहली बार 107 पदक, शीतकालीन यात्रा, ग्लोबल समिट, आर्थिक रफ्तार डेढ़ गुना बढ़ी, सकल घरेलू उत्पाद 7.3 प्रतिशत बढ़ा, प्रति व्यक्ति आय में 41 फीसदी इजाफा, रिवर्स पलायन 44 प्रतिशत हुआ, होटल 25 और होम स्टे 50 प्रतिशत बढ़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक, धार्मिक और पारंपरिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। देवभूमि के देवत्व को अक्षुण्ण बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ को सख्ती से रोका जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button