उत्तराखंड

त्राहि-त्राहि: सुबह से रात 11 बजे तक बिना बिजली-पानी तड़पे लोग, इनवर्टर हुए फेल, हाईवे पर फूटा गुस्सा

Trouble: People suffered without electricity and water from morning till 11 pm, inverters failed, anger erupted on the highway.

हरिद्वार/देहरादून: भीषण गर्मी के बीच ऊर्जा निगम की घोर लापरवाही के चलते हरिद्वार के जगजीतपुर, बहादरपुर जट्ट और जमालपुर कला समेत कई इलाकों में सुबह से लेकर देर रात तक बिजली गुल रही। बिजली-पानी के संकट से बेहाल बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का गुस्सा आधी रात को सड़कों पर फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने देहरादून-दिल्ली नेशनल हाईवे पर धरना देकर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत की मौजूदगी में अधिकारियों द्वारा बिजली बहाली के आश्वासन के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका। विधायक ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और जल्द सुधार न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ऊर्जा निगम की लापरवाही के कारण पूरे दिन बिजली संकट बना रहा। लोगों का कहना है कि न तो बिजली कटौती की कोई पूर्व सूचना दी गई और न ही समस्या के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए गए। हेल्पलाइन नंबरों पर लगातार कॉल करने के बावजूद जवाब नहीं मिलने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई। स्थिति बिगड़ने पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हाईवे जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद, बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कराने के आश्वासन पर जाम खुलवाया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात फिर से सामान्य हो सका।

इसी बीच अनुपमा रावत देर रात गुरुकुल कांगड़ी स्थित बिजली घर पहुंचीं। उन्होंने बहादरपुर जट्ट, जमालपुर कला और गाड़ोवाली क्षेत्रों में लंबे समय तक बनी बिजली समस्या को विभागीय लापरवाही का परिणाम बताया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। विधायक ने कहा कि इतने बड़े इलाके को घंटों अंधेरे में रखना ऊर्जा विभाग की गंभीर लापरवाही है। जनता के दबाव के बाद देर रात बहादरपुर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जबकि अन्य इलाकों में सुधार कार्य जारी रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button