उत्तराखंड

जिलाधिकारी का बड़ा एक्शन: लापरवाही पर UPCL के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोका, 5 दिन का अल्टीमेटम

देहरादून। जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में सुस्ती और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए यूपीसीएल (UPCL) के अधीक्षण अभियंता (Superintending Engineer) का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। डीएम की इस बड़ी कार्रवाई से निर्माण से जुड़े महकमों में हड़कंप मच गया है।

जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद डोबाल के साथ जीएमएस रोड स्थित बल्लीवाला फ्लाईओवर से कांवली रोड होते हुए सहारनपुर चौक तक यूपीसीएल के माध्यम से कराए जा रहे अंडरग्राउंड केबल बिछाने के कार्यों का आज औचक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर कार्यों की अत्यंत धीमी प्रगति, पर्याप्त मैनपॉवर और मशीनरी की कमी देखकर डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर ही अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के सख्त निर्देश जारी कर दिए। निरीक्षण के दौरान कांवली रोड से सहारनपुर चौक तक सड़क की बेहद बदहाल स्थिति देखने को मिली। सड़क की खुदाई के बाद निर्माण सामग्री और मलबा जगह-जगह अव्यवस्थित रूप से बिखरा पड़ा था, जिसके कारण स्थानीय जनता और राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

कार्यों को गति देने के लिए डीएम ने यूपीसीएल को एक नया एक्शन प्लान लागू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि 5 दिन में काम पूरा होते ही इन मार्गों को तुरंत सड़क पुनर्स्थापन (Road Restoration) के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) को हस्तांतरित किया जाए, ताकि मरम्मत का काम तत्काल शुरू हो सके। इसके साथ ही डीएम ने गेल (GAIL) के गैस पाइपलाइन बिछाने के कार्य की समीक्षा करते हुए उसे भी शर्तों के अनुसार पूरा कर लोनिवि को सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि मानसून के आगमन से पहले सभी प्रभावित सड़कों को मानक और गुणवत्ता के अनुरूप अनिवार्य रूप से ठीक किया जाए।

अव्यवस्था पर यूपीसीएल के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए डीएम ने सड़क किनारे से तत्काल मलबा हटाने की हिदायत दी। उन्होंने चेतावनी दी कि रोड कटिंग समिति की अनुमति शर्तों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस निरीक्षण के दौरान एडीएम के के मिश्रा, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकेश सिंह, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह और लोनिवि के अधिशासी अभियंता ओ पी सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button