उत्तराखंड

आढ़त बाजार पुनर्विकास: MDDA उपाध्यक्ष ने तय की जून की डेडलाइन, ढिलाई पर दी चेतावनी

 

देहरादून। एमडीडीए (MDDA) उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने आढ़त बाजार पुनर्विकास परियोजना के सभी लंबित कार्यों को जून तक पूरा करने की समयसीमा (डेडलाइन) तय की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देहरादून के भविष्य को नई व्यापारिक और शहरी दिशा देने वाली इस अत्यंत महत्वपूर्ण योजना में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

परियोजना को गति देने के लिए प्रभावित परिसंपत्तियों की रजिस्ट्री प्रक्रिया अब हर बुधवार और शनिवार को विशेष अभियान चलाकर पूरी की जाएगी। इसके अतिरिक्त, वर्तमान आढ़त बाजार क्षेत्र से बिजली लाइनों और अन्य बुनियादी सुविधाओं को शिफ्ट करने के लिए शासन से स्वीकृत ₹18 करोड़ की राशि जल्द ही लोक निर्माण विभाग (PWD) को हस्तांतरित कर दी जाएगी।

बैठक में यह बात भी सामने आई कि कुछ प्रभावितों ने मुआवजा तो ले लिया है, लेकिन अभी तक कब्जा नहीं छोड़ा है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए उपाध्यक्ष ने कहा कि वे स्वयं स्थलीय निरीक्षण करेंगे और जरूरत पड़ने पर बलपूर्वक ध्वस्तीकरण (डिमोलिशन) की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, एमडीडीए की ‘आलयम आवासीय योजना’ का शेष निर्माण कार्य भी जून तक पूरा कर पात्रों को कब्जा सौंपने की तैयारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button