देहरादून। राजधानी देहरादून के मियांवाला चौक स्थित ‘द ब्रीज होमस्टे’ में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। छुट्टी पर घर आए एक बीएसएफ (BSF) जवान ने प्रेम प्रसंग के चलते अपनी 40 वर्षीय प्रेमिका को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया और इसके बाद खुद भी जहर गटक लिया।
हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जवान ने खुद अपनी पत्नी को फोन कर घटना की जानकारी दी और लोकेशन भेजी। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में ले लिया है, वहीं बेसुध पड़े आरोपी जवान को गंभीर हालत में दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बेल रोड क्लेमेंटाउन निवासी 38 वर्षीय परमेन्द्र नेगी छुट्टी पर घर आया हुआ था और पिछले दो दिनों से नकरौंदा निवासी आरती बिष्ट के साथ इस होमस्टे में रुका था। दोनों का काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृतका के पति पंकज बिष्ट ने डोईवाला कोतवाली में आरोपी के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
शिकायत के अनुसार, प्रेम प्रसंग की जानकारी दोनों परिवारों को थी और आरोपी की पत्नी लगातार आरती को छोड़ने का दबाव बना रही थी। इसी तनातनी के चलते परमेन्द्र ने आरती को जहर देकर मार डाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं। आरोपी के होश में आने के बाद ही हत्या की सही वजहों का पता चल सकेगा।



