
Dehradun, 04 September, 2026। केदारनाथ धाम की यात्रा के दूसरे चरण में हेलीकॉप्टर से जाने की उम्मीद लगाए बैठे श्रद्धालुओं का इंतजार खत्म हो गया है। आगामी 15 सितंबर से गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से शुरू हो रही हेली सेवा के लिए 7 सितंबर को सुबह 11 बजे से ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू होने जा रही है।
IRCTC के आधिकारिक पोर्टल के जरिए उपलब्ध सीटों के आधार पर श्रद्धालु अगले 15 दिनों के लिए टिकट बुक कर सकेंगे। हालांकि, हेली सेवा का लाभ केवल वही श्रद्धालु उठा पाएंगे जिन्होंने चारधाम यात्रा के लिए पूर्व में पंजीकरण कराया है।
गुप्तकाशी से केदारनाथ जाने और लौटने का किराया 12,762, फाटा से 10,164 और सिरसी से 6,390 रुपये निर्धारित है। इसके अलावा उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) ने गौचर से बदरीनाथ के लिए शटल हेली सेवा भी शुरू की है। इसका एक तरफ का किराया 11 हजार रुपये है।



