उत्तराखंडराजनीति

धामी का कांग्रेस पर हमला, बोले- न्याय यात्रा नहीं, प्रायश्चित यात्रा निकाले कांग्रेस

Rudrapur, 04 November, 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गांधी पार्क में भाजपा की जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले आयोजित सभा में उन्होंने कांग्रेस की न्याय यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को न्याय यात्रा के बजाय अपने शासनकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का पिछला शासन भ्रष्टाचार, महिला अपराध और अव्यवस्थाओं से भरा रहा है। उन्होंने राहुल गांधी पर सनातन धर्म, भारतीय सेना और सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणी को भी उन्होंने अनुचित बताया।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेज, पंतनगर एयरपोर्ट, किच्छा एम्स सैटेलाइट सेंटर, जमरानी बांध और राष्ट्रीय राजमार्गों जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद उसने इन सुविधाओं के विस्तार के लिए क्या किया।

राज्य आंदोलन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने खटीमा और मुजफ्फरनगर गोलीकांड की घटनाओं को याद किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की अस्मिता और स्वाभिमान के साथ कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनादेश का सम्मान जरूरी है और विपक्ष को रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए। सांसद अजय भट्ट ने भी कांग्रेस पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया और विकास व जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button