
Uttarkashi, 11 November, 2026। उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा समापन की ओर अग्रसर है। इसी कड़ी में मंगलवार को अन्नकूट पर्व के पावन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार और संपूर्ण धार्मिक विधि-विधान के साथ विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाटबंदी के बाद सेना के बैंड और ढोल-दमाऊं की मधुर धुनों के बीच मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास ‘मुखवा’ के लिए रवाना हो गई है। इस बार गंगोत्री धाम में रिकॉर्ड 19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया इतिहास रचा। मंदिर में तड़के चार बजे से पूजा-अर्चना शुरू हो गई थी। सुबह साढ़े आठ बजे कपाटबंदी की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हुई। परंपरा के अनुसार मां गंगा की स्वयंभू मूर्ति से मुकुट सहित अन्य कलेवर उतारे गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा के निर्वाण दर्शन किए। श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल और सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि निर्धारित मुहूर्त में कपाट बंद किए गए।
तीर्थ पुरोहितों की अगुवाई में निकली डोली मंगलवार रात मार्कंडेय पुरी स्थित देवी मंदिर में विश्राम करेगी। आज बुधवार को सोमेश्वर देवता की अगवानी में डोली मुखवा पहुंचेगी, जहां मां गंगा की उत्सव प्रतिमा को गंगा मंदिर में विराजमान किया जाएगा। अगले छह माह तक श्रद्धालु मुखवा में मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे। इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर चौहान, भटवाड़ी प्रमुख ममता पंवार और डुंडा प्रमुख राजदीप परमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। गौरतलब है कि इस सीजन में करीब 19 लाख श्रद्धालुओं ने धाम के दर्शन किए, जो कि एक रिकार्ड है।
- आज बंद होंगे केदारनाथ और यमुनोत्री के कपाट: केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में कपाट बंदी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को भैया दूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए दोनों धामों के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद बाबा केदार के दर्शन ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर और यमुना की पूजा अर्चना खरसाली में की जाएगी।



