उत्तराखंड के सभी 108 नगर निकाय ओडीएफ घोषित, शहरों को स्वच्छ और आधुनिक बनाने में जुटी सरकार: सीएम धामी

Rishikesh, 11 November, 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के सभी शहरों को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय ‘खुले में शौच से मुक्त’ (ODF) हो चुके हैं, जबकि ऋषिकेश और हरिद्वार को ‘वाटर प्लस’ प्रमाणन हासिल हुआ है।
शहरी स्वच्छता को मजबूत करने के लिए 107 निकायों के लिए 1375 करोड़ रुपये की वृहद कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके तहत कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन और मशीनीकृत सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 107 नगर निकायों के लिए लगभग 1375 करोड़ रुपये की विस्तृत स्वच्छता कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत 27 सीवेज एवं फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं।
सफाई व्यवस्था के मशीनीकरण पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि पर्यावरण मित्रों को असुरक्षित परिस्थितियों में काम न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि रुद्रपुर और मसूरी में कचरे से बायोगैस का उत्पादन किया जा रहा है। चारधाम यात्रा मार्गों पर डिजिटल डिपॉजिट-रिफंड व्यवस्था के माध्यम से 60 हजार किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक वापस एकत्र किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जनभागीदारी से ही उत्तराखंड के शहरों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।



