उत्तराखंड

डब्ल्यूआईआई का शोध: सर्दियों की नींद त्याग कर हिमालयी काले भालू ने किया दुर्लभ रेड पांडा का शिकार

Dehradun, 13 November, 2026। हिमालय के जंगलों में बदलते मौसम और भोजन की कमी ने वन्यजीवों के पारंपरिक व्यवहार को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। आमतौर पर सर्दियों में शीतनिद्रा (हाइबरनेशन) में रहने वाले एशियाई काले भालू द्वारा संकटग्रस्त रेड पांडा का शिकार किए जाने की पहली दुर्लभ घटना सामने आई है। पश्चिम बंगाल के सिंगालीला नेशनल पार्क में नौ हजार फीट की ऊंचाई पर कैमरा ट्रैप में कैद हुई इस घटना का अध्ययन देहरादून स्थित वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूआईआई) के वैज्ञानिकों ने किया है, जिसने हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र और वन्यजीवों की खाद्य शृंखला में संभावित बदलावों को लेकर नई चिंता और शोध की जरूरत पैदा कर दी है। वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूआईआई), देहरादून के शोधकर्ता पूजा कुमारी, डॉ. बिलाल हबीब और डॉ. गोविंदन वीरस्वामी गोपी ने इस दुर्लभ घटना का अध्ययन किया है। उनका शोध ‘जर्नल ऑफ थ्रेटेंड टैक्सा’ में प्रकाशित हुआ है।

शोध के मुताबिक, कैमरा ट्रैप में एक रेड पांडा को भोजपत्र (बर्च) के पेड़ पर चढ़ते हुए रिकॉर्ड किया गया। इसके चार दिन बाद, 15 फरवरी को उसी कैमरे ने एशियाई काले भालू को उस पेड़ पर चढ़ते और मुंह में रेड पांडा को लेकर नीचे उतरते हुए कैद किया। यह घटना समुद्र तल से करीब नौ हजार फीट की ऊंचाई पर दर्ज हुई। शोधकर्ताओं के मुताबिक, भोजन की उपलब्धता, आवासों का आपसी विस्तार, मौसमी बदलाव और अलग-अलग वन्यजीवों का व्यवहार इस तरह की घटनाओं को प्रभावित कर सकते हैं। अध्ययन यह समझने में मददगार है कि जलवायु परिवर्तन और बदलते मौसम के बीच हिमालय की खाद्य शृंखला तथा शिकारी-शिकार के प्राकृतिक संबंध किस तरह प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, एक घटना से जलवायु परिवर्तन को सीधे इसका कारण प्रमाणित नहीं किया जा सकता।

शोध की प्रमुख लेखिका पूजा कुमारी के अनुसार, एशियाई काला भालू अवसरवादी भोजन करने वाला जीव है। सामान्य तौर पर यह बेर, चेरी, बलूत के फल, कीट, गिलहरी और मेंढक जैसे खाद्य स्रोतों पर निर्भर रहता है। लेकिन भोजन की उपलब्धता में कमी आने पर उसके खानपान में बदलाव संभव है। यह प्रजाति सामान्यतः नवंबर के अंतिम सप्ताह से मार्च तक शीतनिद्रा में रहती है। फरवरी में सामने आई इस घटना ने शीतनिद्रा की अवधि में संभावित बदलाव और मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

रेड पांडा मुख्य रूप से पूर्वी हिमालय में पाया जाता है, जबकि एशियाई काला भालू पूर्वी से पश्चिमी हिमालय तक फैला हुआ है। दोनों के प्राकृतिक आवास कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक-दूसरे से मिलते हैं। उत्तराखंड में भी एशियाई काला भालू हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में उत्तराखंड में बढ़ती भालुओं की सक्रियता पर भी गहन शोध की जरूरत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button